जोधपुर। कोरोना के चलते पूरे देश में लॉकडाउन किया गया है। इस बीच बुधवार के तडक़े ईरान के तेहरान शहर से 277 भारतीय नागरिकों को लेकर एयर इंडिया के दो विमान जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग करने के बाद उन्हें सेना की बसों से आईटीबीपी कैंप में बने सेना के वेलनेस सेंटर में भेजा गया है।
वेलनेस सेंटर में ही आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं, जो पूरी तरह से सेना की निगरानी में हैं। यहां सभी यात्रियों को 14 दिन तक आइसोलेशन में रखा जाएगा। सेना के प्रवक्ता कर्नल सोंबित घोष ने बताया कि एयरपोर्ट पर प्रारंभिक जांच के बाद सभी को जोधपुर में बने सेना के वेलनेस सेंटर में भेजा गया है। सेंटर में सभी तरह की सुविधाएं विकसित की गई है। सेना के चिकित्सक राज्य सरकार के चिकित्सा विभाग के अधिकारियों और जोधपुर प्रशासन के साथ मिलकर इनकी देखरेख करेंगे।
यह पहला मौका है जब विदेश में फंसे नागरिकों को जोधपुर लाया गया है। इससे पहले जैसलमेर में सेना के वेलनेस सेंटर में ईरान से लाए गए 484 भारतीय नागरिकों को कोरेंटाइन कर रखा जा रहा है। वेलनेस सेंटर में रहने वाले नागरिकों को सेना की तरफ से उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के अलावा रहने, खाने-पीने व मनोरंजन की बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


Leave a Reply