राष्ट्रीय जनमोर्चा। विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान की अध्यक्षता में ‘शक्ति संवाद एवं कन्या जन्मोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर डॉ चौहान ने शक्ति संवाद के माध्यम से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, बालिका संरक्षण, बालिका शिक्षा तथा समाज में बेटियों के महत्व का संदेश दिया गया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत पांच नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव मनाया गया। उन्हें बेबी किट प्रदान की गईं और उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़ी महिलाओं के साथ डॉ. बबीता सिंह चौहान ने ‘शक्ति संवाद’ किया। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मनिर्भर बनने तथा सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त होकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। बैंक सखी रजनी त्यागी ने बताया कि उनकी प्रतिमाह आय 18 हजार रुपये है। रहमतुनिशा स्वयं सहायता समूह से ऋण लेकर सब्जी की दुकान चलाती हैं। उनकी प्रतिमाह आय 10 हजार रुपये है। राहील कृर्षि कार्य के साथ-साथ पशुपालन भी करती हैं, जिनकी आय प्रतिमाह 16 हजार रुपये है। इसके अलावा लोनी की ज्योति, सीमा रजापुर की रानी और रजिया ने भी अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं। करीब 38 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर और हिंदुस्थान समाचार में सहायक संपादक रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Leave a Reply