राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
गाजियाबाद। देव भागीरथी लर्निंग सेंटर, महरौली में नींव शक्ति संस्थान द्वारा ‘हुनर हाट – दीपावली उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक हस्तनिर्मित दीपावली उपहारों, सजावटी वस्तुओं और हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, मेहनत और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान, सीजीएसटी के सहायक आयुक्त विनीत गोयल, कैरियर ग्रुप के निदेशक प्रभु माहेश्वरी, सचिन माहेश्वरी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती निधि कुमार झा उपस्थिति रहे।
शनिवार, 24 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में विशेष बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य और गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पता चलता है कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे पहचानने और निखारने के लिए उचित अवसर एवं प्रोत्साहन आवश्यक हैं।
नींव शक्ति संस्थान की संस्थापक ऋचा बल्लभ खुल्बे ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि हुनर हाट के माध्यम से विशेष बच्चों के कौशल, आत्मसम्मान, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का एक सार्थक प्रयास है। मेले में हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री से प्राप्त धनराशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा तथा दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए किया जाएगा। उन्होंने सभी अतिथियों, सहयोगियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया है।

जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं। करीब 38 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर और हिंदुस्थान समाचार में सहायक संपादक रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Leave a Reply