समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने समाज की एकजुटता पर दिया बल

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। यमद्वितीया पर कायस्थ समाज द्वारा भगवान चित्रगुप्त कलम-दवात पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (SKFI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के कई कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने कलम दवात एवं भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कर देश में सुख-समृद्धि व समाज कल्याण की कामना की। साथ ही कायस्थ समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि संगठन सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से समाज की प्रगति को बढ़ावा देता है। जन कल्याण और समाज कल्याण के लिए हम सभी को संगठन से जुड़े रहना चाहिए।
जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि समाज में कायस्थों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है। अपना हक पाने के लिए कायस्थ एकता समय की मांग है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को राजनीति में आना चाहिए। क्योंकि जब तक आप सत्ता में नहीं होंगे, आपके समाज को कोई महत्व नहीं देगा। श्री बच्चन ने संसार के समस्त प्राणियों का लेखा-जोखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त से ज्ञान, न्याय और सफलता के लिए प्रार्थना करते हुए देश में सुख, शांति व समाज कल्याण की कामना की। साथ ही उपस्थित लोगों में कलम, फल एवं मिष्ठान का वितरण किया और श्री चित्रगुप्त पूजन की अनेक-अनेक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इससे पहले वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन को गाजियाबाद में प्रताप विहार स्थित शिव (कुटी) मंदिर श्री चित्रगुप्त मंदिर परिसर में अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव व अन्य पदाधिकारियों ने फूल-माला से स्वागत-सम्मानित किया।


जितेन्द्र बच्चन के अनुसार, गाजियाबाद में गुरुवार, 23 अक्टूबर को अनेक स्थानों पर कायस्थों ने अपने आराध्य की पूजा-अर्चना की। भगवान चित्रगुप्त के मंदिरों की भव्य सजावट की गई। प्रताप विहार स्थित सेक्टर 11 के अलावा गौतमबुद्ध नगर के छपरौला में ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल ने कार्यकारी अध्यक्ष चित्रांश अशोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में कलम दवात एवं श्री चित्रगुप्त पूजन का आयोजन किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए और महिलाओं ने मंगलगान गया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*