हरियाणा: मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उप मुख्यमंत्री की दुष्‍यंत चौटाला ने ली शपथ

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में आज से भाजपा-जजपा की सरकार ने कामकाज संभाल लिया है। राजभवन में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मनोहर लाल ने मुख्‍यमंत्री और दुष्‍यंत चौटाला ने उप मुख्‍यमंत्री के रूप में पद व गोपनीयता की शपथ ली। राज्‍यपाल सत्‍यदेव नारायण आर्य ने उनको शपथ दिलाई। समारोह में किसी अन्‍य मंत्री को शपथ नहीं दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के कार्यकारी राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा, पंजाब के पूर्व मुख्‍यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और हरियाणा के पूर्व सीम भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कई दिग्‍गज नेता मौजूद थे।
रविवार को समारोह में हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. अनिल जैन, भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला और केंद्रीय मंत्री रतनलाल कटारिया भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए जेपी नड्डा दीपावली की सुबह चंडीगढ़ पहुंचे। शपथ ग्रहण समारोह में दुष्‍यंत चौटाला के पिता डॉ. अजय चौटाला भी पहुंचे। दुष्‍यंत चौटाला की मां नैना चौटाला, छोटे भाई दिग्विजय चौटाला, अनूप धानक, दविंदर बबली, रणजीत चौटाला, संदीप सिंह, अमरजीत जुलाना आदि भी पहुंचे। समारोह में रामविलास शर्मा, ओम प्रकाश धनखड़, कैप्‍टन अभिमन्यु भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा में मुख्यमंत्री के अलावा 13 मंत्री बनाए जा सकते हैैं। आठ मंत्री पद भाजपा व डिप्टी सीएम समेत पांच मंत्री पद जजपा के खाते में जा सकते हैैं। जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से शपथ ग्रहण से पहले उनके आवास पर चर्चा की। राज्‍यपाल सत्‍यदेव नारायण आर्य दोपहर बाद सवा दो बजे मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल और उप मुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला को शपथ दिलाई गई। इस तरह मनोहर लाल ने मुख्‍यमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत की।
ज्ञात रहे कि भाजपा ने 57 विधायकों का समर्थन जुटा लिया है। भाजपा के 40 और जननायक जनता पार्टी के 10 विधायकों के अलावा सात निर्दलीय विधायकों ने भी बिना शर्त समर्थन देने का एलान किया है। इससे पहले शनिवार को केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, भाजपा महासचिव अरुण सिंह और पार्टी प्रभारी डा. अनिल जैन के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल व दुष्यंत चौटाला और अधिकतर आजाद विधायक दोपहर को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मिलने पहुंचे।
मनोहर लाल ने राज्यपाल के समक्ष 57 विधायकों का समर्थन होने का दावा करते हुए सरकार बनाने का निमंत्रण देने की पेशकश की। भाजपा की ओर से मनोहर लाल, जजपा की ओर से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह और निर्दलीय विधायकों की ओर से उनके लिखित समर्थन पत्र को भाजपा प्रभारी डा. अनिल जैन ने राज्यपाल को सौंपा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने मौजूदा कार्यकाल को खत्म मानते हुए इस्तीफा राज्यपाल को दिया। राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए शपथ ग्रहण तक कार्यकारी प्रभार संभालने का अनुरोध किया।
हरियाणा के नए उप मुख्‍यमंत्री बने दुष्‍यंत चौटाला के पिता डॉ. अजय चौटाला ने कहा कि एक पिता के लिए इससे बेहतर अवसर क्‍या हो सकता है। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जो मन में आए, वे कहते रहें, लेकिन यह सरकार पूरे पांच साल चलेगी और हरियाणा के विकास के लिए काम करेगी। मेरे लिए इससे बेहतर दीपावली और नहीं हो सकती।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*