शिवसेना ने भाजपा पर कसा तंज, यहां कोई दुष्यंत नहीं जिसके पिता जेल में हों

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद एनडीए की सरकार बनने की राह आसान नहीं दिखाई दे रही है। शिवसेना अभी भी 50-50 के फॉर्मूले की मांग पर अड़ी है, जबकि भाजपा को यह फार्मूला मंजूर नहीं हो रहा है। इस बीच शिवसेना ने भाजपा पर करारा हमला बोला है। शिवसेना नेता संजय राऊत ने कहा है कि महाराष्‍ट्र में कोई कोई दुष्यंत नहीं हैं, जिनके पिता जेल में हों…
शिवसेना नेता संजय राउत ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, महाराष्‍ट्र में कोई दुष्यंत नहीं हैं, जिनके पिता जेल में हों… यहां हम हैं, जो धर्म और सत्य की राजनीति करते हैं। शरद जी जिन्होंने भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाया है, वे कभी भाजपा के साथ नहीं जाएंगे। उद्धव ठाकरे जी ने कहा है कि हमारे पास अन्य विकल्प भी हैं, लेकिन हम उसे स्वीकार नहीं करना चाहते हैं। शिवसेना ने शुरू से ही सच्चाई की सियासत की है। हम सत्ता के भूखे नहीं हैं।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि अमित शाह और उद्धव ठाकरे के बीच मुलाकात के दौरान 50-50 फॉर्मूले पर सहमति बन चुकी है। जबकि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे ने दावा किया है कि महाराष्‍ट्र में सरकार देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में ही बनेगी। हालांकि उन्‍होंने यह भी संकेत दिया कि दोनों दलों के बीच संतुलन के लिए शिवसेना को उप मुख्यमंत्री का पद सौंपा जा सकता है।
तमाम कवायदों के बीच शिवसेना ने अपने तीखे बयानों के जरिए भाजपा पर दबाव बनाना जारी रखा है। अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में कहा था कि इस साल दीपावली पर पटाखों का धूम-धड़ाका सुनाई नहीं दे रहा है। हर जगह 30 से 40 फीसद बिक्री डाउन है। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए भाजपा की सहयोगी पार्टी ने कहा था बैंकों का दीवाला निकल रहा है और जनता की जेब के साथ सरकारी तिजोरी भी खाली है। जीएसटी, नोटबंदी से देश की अर्थव्‍यवस्‍था खराब है, लेकिन कोई भी कुछ बोल नहीं रहा है। शिवसेना ने शोले फ‍िल्‍म का डायलॉग दोहराते हुए पूछा था, इतना सन्‍नाटा क्‍यूं है भाई…।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*