नोएडा के एसएसपी वैभव कृष्ण निलंबित, गाजियाबाद के एएसपी समेत 14 अफसरों का तबादला

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले (नोएडा) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें सरकारी दस्तावेज लीक करने के मामले में निलंबित किया गया है। इसके अलावा गाजियाबाद के एसएसपी सुधीर सिंह, रामपुर के एसपी अजय पाल शर्मा, सुल्तानपुर के एसपी हिमांशु कुमार समेत 14 आईपीएस अफसरों के भी तबादले कर दिए गए हैं। सुधीर कुमार की जगह अब कलानिधि नैथानी को गाजियाबाद का नया एसएसपी बनाया गया है।

कलानिधी नैथानी अभी तक लखनऊ के एसएसपी थे। पिछले दिनों एसएसपी वैभव कृष्णा के सामने आए वायरल वीडियो मामले से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नाराज थे। वो एसएसपी वैभव कृष्ण के गोपनीय पत्र लिखने और उसके लीक होने से भी नाराज थे। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर वायरल हुए इस वीडियो की जांच कराई गई थी। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों गौतम बुद्धनगर के एसएसपी वैभव कृष्ण के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया था। इसे लेकर वैभव कृष्ण ने नोएडा के सेक्टर-20 थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि ऐसा करने के पीछे उन्हें बदनाम करने की साजिश रचना है।

एसएसपी वैभव कृष्ण ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके द्वारा की गई कार्रवाई से परेशान कुछ सफेदपोश लोग ऐसी साजिश रच रहे हैं। उन्होंने लोगों से वायरल वीडियो को सोशल मीडिया पर फॉरवर्ड न करने की हिदायत भी दी थी। साथ ही इस संबंध में नोएडा के सेक्टर-20 थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*